जयपुर। राजस्थान आवासन मंडल की खुली नीलामी का लोगों में क्रेज बढ़ रहा है। आवासन मंडल ने गुरुवार को जयपुर, अजमेर, बीकानेर, सूरतगढ़ और उदयपुर में 9 मकानों को खुली नीलामी के माध्यम से बेचकर 6 करेाड़ 65 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त किया। इन 9 मकानों को खरीदने के लिए 129 लोगों ने नीलामी में भाग लिया और मकान न केवल न्यूनतम बोली मूल्य से अधिक कीमत पर बिके बल्कि कई मकान तो दोगुनी कीमत पर बिके हैं।
आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि मंडल द्वारा खरीददारों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने और अधिक राजस्व प्राप्त करने के लिए कई वर्षों बाद आवास बेचने के लिए खुली नीलामी प्रक्रिया को अपनाया। इस प्रक्रिया में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मंडल के मकानों को न्यूनतम बोली मूल्य से भी अधिक कीमत पर क्रय किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में आवासन मण्डल के द्वारा जिस ढंग से आवासीय क्षेत्रों के विकास और नई योजनाएं लाने का निर्णय लिया है, यह उसी का परिणाम है।
प्रताप नगर के एक मकान को खरीदने के लिए आए 71 लोग
अरोड़ा ने बताया कि जयपुर के प्रताप नगर स्थित 185.50 वर्गमीटर के एक मकान को खरीदने के लिए 71 लोगों ने नीलामी में भाग लिया। इस मकान का न्यूनतम बोली मूल्य 57 लाख रुपए रखा गया था, जबकि यह मकान 1 करोड़ 8 लाख रुपए में बिका।
अजमेर में 65 लाख रूपये का मकान बिका 1 करोड़ 28 लाख रूपये में
अजमेर के वैशाली नगर कॉलोनी के 2 मकानों को खुली नीलामी द्वारा बेचा गया। इन दोनों मकानों को खरीदने के लिए 20 लोगों ने नीलामी प्रक्रिया में भाग लिया। इनमें 324 वर्ग मीटर क्षेत्र वाले एक मकान का न्यूनतम बोली मूल्य 65 लाख रुपए रखा गया था, जो कि 1 करोड़ 28 लाख रुपए में बिका।
उदयपुर, बीकानेर और सूरतगढ़ में भी दिखा खरीददारों में उत्साह
आवासन आयुक्त ने बताया कि मंडल के आवासों को खरीदने के लिए लोगों में उदयपुर, बीकानेर और सूरतगढ़ में भी अपार उत्साह देखने को मिला। उदयपुर की गोवर्धन विलास कॉलोनी के एक मकान का न्यूनतम बोली मूल्य 87 लाख रुपए रखा गया था, जो कि 92 लाख 50 हजार रुपए में बिका। इसी तरह यहां दूसरा मकान जिसका न्यूनतम बोली मूल्य 40 लाख रुपए रखा गया था, वह 50 लाख 65 हजार रुपए में बिका। उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ कस्बे में 2 मकानों को खरीदने के लिए 16 लोगों ने बोली लगाई। यहां 34 लाख रुपए की न्यूनतम बोली वाला मकान 50 लाख रुपए में और 30 लाख रुपए न्यूनतम बोली मूल्य वाला मकान 37 लाख 50 हजार रुपए में बिका। इसी तरह बीकानेर में 2 मकानों को खरीदने के लिए 6 लोगों ने नीलामी में भाग लिया। यहां दोनों मकानों का न्यूनतम बोली मूूल्य 57 लाख 2 हजार रुपए अलग-अलग रखा गया था। जिसमें से एक मकान 65 लाख में और दूसरा मकान 60 लाख 15 हजार रुपए में बिका।